संवाददाता: अनुज पाठक।

बांकी मोंगरा (आई.बी.एन-24) बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस थाना परिसर में खड़ी एक जब्त ट्रक से अज्ञात चोरों द्वारा सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित वाहन मालिक संजय यादव ने थाना बांकी मोंगरा में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 20 जून 2026 को उनकी ट्रक क्रमांक CG-30 F-8112 ओवरलोड होने के कारण माइनिंग अधिकारियों द्वारा जब्त कर बांकी मोंगरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया था। वाहन को लॉक कर सुरक्षित रखा गया था।
।
22 दिन बाद हुआ खुलासा।
पीड़ित का आरोप है कि 12 जुलाई 2026 को जब वह अपनी ट्रक देखने थाना परिसर पहुंचे, तो ट्रक के ड्राइवर साइड का शीशा टूटा हुआ मिला। जांच करने पर ट्रक के अंदर रखा जैक रॉड, पाना, प्लास, टेल लाइट सेट सहित अन्य आवश्यक सामान अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किया जा चुका था।
संजय यादव ने बताया कि उन्होंने थाना बांकी मोंगरा में लिखित आवेदन देकर चोरी की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी के दायरे से बाहर थी ट्रक
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की नजर से ट्रक दूर खड़ी थी, जिस कारण चोर सीसीटीवी में कैद नहीं हो पाए। इस घटना के बाद आम नागरिकों को अब पुलिस विभाग की कार्यशैली पर शक होने लगा है कि आखिर थाना परिसर में ही खड़े वाहन कैसे असुरक्षित हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।