बलरामपुर में एसडीएम समेत चार पर हत्या का केस, जंगल में ग्रामीण की मौत के बाद बवाल।

बलरामपुर (आई.बी.एन -24)- बलरामपुर जिले के कुसमी ब्लॉक अंतर्गत हंसपुर गांव में कथित मारपीट के बाद ग्रामीण की मौत के मामले में पुलिस ने एसडीएम करूण डहरिया समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने प्राथमिक विवेचना के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
15 फरवरी की देर शाम हंसपुर जंगल में तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 2/2026 कायम कर जांच प्रारंभ की।
क्या आरोप लगा है ?
विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि एसडीएम करूण डहरिया अपने तीन साथियों के साथ अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच और कार्रवाई के लिए हंसपुर जंगल क्षेत्र पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों पर अवैध उत्खनन का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई, जिससे राम उर्फ रामनरेश (62) की मौत हो गई।
क्या कार्रवाई हुई?
पुलिस ने एसडीएम करूण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 103(1), 115(2) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
तनाव के चलते पुलिस बल तैनात।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और संभावित हंगामे की आशंका को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा कुसमी थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।