जिला पंचायत सीईओ ने चाकाबुड़ा मिडिल स्कूल का किया औचक निरीक्षण अब नहीं भरेगा स्कुल में पानी,अनुपस्थित शिक्षिका पर कार्रवाई के निर्देश।

भाजपा नेता राजेश यादव के शिकायत पर हुई बड़ी कार्यवाही ग्रामवासी हुए गदगद।
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत ग्राम चाकाबुड़ा स्थित मिडिल स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक शिक्षिका अनुपस्थित पाई गई, जिस पर सीईओ ने संबंधित शिक्षिका का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक ग्रामीण ने शिकायत की कि ग्राम पंचायत के सचिव द्वारा राशन कार्ड बनवाने के नाम पर ₹500 की मांग की गई थी तथा राशि नहीं देने के कारण अब तक राशन कार्ड जारी नहीं किया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर दो घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चाकाबुड़ा मिडिल स्कूल परिसर में वर्षा का पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या भी सामने आई। इस पर सीईओ ने जाम नाली की सफाई कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त मनरेगा के तहत संचालित विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
पूर्व में चकाबुड़ा मिडिल स्कूल परिसर में वर्षा जल भराव की समस्या को लेकर भाजपा प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी (झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ) राजेश यादव द्वारा मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री, कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को शिकायत एवं ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई थी। इसके बाद जिला पंचायत सीईओ द्वारा स्कूल का औचक निरीक्षण कर जाम नाली की सफाई एवं जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सी ई ओ को अपने पास पाकर ग्रामीणों में विश्वास जगा।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कटघोरा के सीईओ, एसडीओ कटघोरा, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीणजन तथा भाजपा प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी (झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ) राजेश यादव भी उपस्थित रहे।