होली और ईद-उल-फितर के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पाली थाना प्रभारी ने शांति समिति की बैठक आयोजित की।

पाली (आई.बी.एन -24) पाली में होलिका दहन, होली और ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पाली थाने में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने शांति समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि होली का पर्व आपसी सद्भाव, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैदी से कार्य करेगी, जिसमें आम जनता और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में पर्वों के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई, ताकि त्यौहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि जबरिया रंग लगाना, नशे की हालत में वाहन चलाना, तीन सवारी वाहन चलाना, यातायात बाधित करना और हुल्लड़बाजी से बचना चाहिए।
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, चंद्र शेखर पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पत्रकार और विभिन्न समाज और धर्मावलंबी उपस्थित थे।