कटघोरा : 9 दिवसीय रक्तदान शिविर के दूसरे दिन सराहनीय सहभागिता।
कटघोरा (आई.बी.एन -24)मारवाड़ी युवा मंच एवं नवचेतना शाखा कटघोरा द्वारा आयोजित 9 दिवसीय रक्तदान शिविर के दूसरे दिन कटघोरा के प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज परिसर में शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद कटघोरा में पार्षद एवं भारतीय रेडक्रास सोसायटी शाखा कटघोरा के चेयरमैन अजय गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानवता की सच्ची सेवा बताया।
शिविर को सफल बनाने में इंडस्ट्रीज प्रबंधन का विशेष सहयोग रहा। आयोजन समिति ने इंडस्ट्रीज के मालिक श्री गोपाल शर्मा एवं शुभम शर्मा का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से शिविर का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
आयोजकों ने बताया कि यह शिविर मारवाड़ी युवा मंच एवं नवचेतना शाखा कटघोरा के संयुक्त तत्वावधान में 18 जनवरी से 26 जनवरी तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में कर्मचारियों, युवाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक नागरिकों से रक्तदान की अपील की।