क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की कार्यसमिति बैठक संपन्न।

संगठन विस्तार, पदोन्नति एवं लंबित मांगों को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।

रायपुर, 24 अगस्त 2026। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक 23 अगस्त 2026 को क्षेत्रीय प्रदेश कार्यालय, रायपुर में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की लंबित मांगों तथा आगामी आंदोलन की तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों को मजबूत करते हुए श्रीमती सुमनमति केराम को प्रदेश अध्यक्ष, श्रीमती अंजनी पटेल को प्रदेश संयुक्त महामंत्री तथा श्री मुस्ताक अहमद अंसारी जिलामंत्री बालोद बीएमएस को दुर्ग संभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ प्रभारी नियुक्त किया गया।

प्रदेश कार्यसमिति ने निर्णय लिया कि छत्तीसगढ़ में सदस्यता अभियान को तेज करते हुए जिला, परियोजना एवं सेक्टर स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के मानदेय, पदोन्नति, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, बीमा, स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य लंबित मांगों को प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

बैठक में कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति में उचित अवसर उपलब्ध कराने, शासन एवं विभाग के समक्ष प्रभावी पहल करने का भी निर्णय लिया गया।

आगामी 1 अक्टूबर को प्रस्तावित विशाल धरना को सफल बनाने के लिए सभी जिलों एवं संभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही शासन एवं विभाग के समक्ष ज्ञापन तथा प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से लंबित मांगों को मजबूती से उठाने का निर्णय लिया गया।

प्रदेश कार्यसमिति ने सभी जिला एवं संभाग पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, संगठनात्मक अनुशासन एवं एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। आगामी बैठकों, आंदोलनों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी प्रदेश स्तर से निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार की जाएगी।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने संगठन की एकता एवं अनुशासन को मजबूत रखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के हितों के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!