
कोरबा/कटघोरा (आई.बी.एन -24) कटघोरा जनपद पंचायत के अधीन ग्राम पंचायत ढेलवाडीह सहित कई ग्राम पंचायतों में ठेकेदारी प्रथा से कराए जा रहे निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। आरोप है कि ठेकेदार राजेश दुबे, निवासी कटघोरा वर्षों से अधूरे काम छोड़ रहा है और अब नए कामों में भी जमकर गड़बड़ी कर रहा है।

आरोप है कि ठेकेदार राजेश दुबे सरपंच-सचिव को “RTI लगा दूंगा” कहकर डराता है और 15वें वित्त आयोग एवं अन्य फंड के काम अपने नाम करवा लेता है।
ग्रामीणों के अनुसार राजेश दुबे पंचायत कार्यालय जाकर सरपंच और सचिव पर काम अपने नाम कराने का दबाव बनाता है। इतना ही नहीं जनपद पंचायत के इंजीनियर पर भी मेजरमेंट बढ़ाने का दबाव डाला जाता है ताकि बिल में ज्यादा राशि दिखाई जा सके।
सबसे गंभीर बात यह है कि ठेकेदार RTI लगाने का भय दिखाकर सरपंच-सचिव को डराता है और मनमाने तरीके से काम करवा लेता है। ग्रामीणों ने काम की गुणवत्ता को भी बेहद घटिया बताया है। कई सड़कें 3 महीने में ही उखड़ गईं, नालियां टूट गईं।

सबसे बड़ा सबूत:-
ग्राम पंचायत ढेलवाडीह में ठेकेदार द्वारा बनाया गया भवन वर्षों से अधूरा पड़ा है। 13-08-2026 को ली गई तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि भवन में न दरवाजा-खिड़की है न प्लास्टर।
Location: Latitude 22.45045, Longitude 82.563806
आरोप है कि कागजों में काम पूर्ण दिखाकर सरकारी राशि हड़प ली जाती है। इससे शासकीय योजनाएं फेल हो रही हैं और जनपद पंचायत कटघोरा की छवि धूमिल हो रही है।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि ठेकेदार राजेश दुबे द्वारा पिछले 3 वर्षों में कराए गए सभी कार्यों की तकनीकी जांच और वित्तीय ऑडिट कराई जाए। घटिया निर्माण को तुड़वाकर पुनः गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए और दोषी ठेकेदार के साथ मिलीभगत करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।