
अमरकंटक (आई.बी.एन -24) मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री श्री हेली पर्यटन सेवा के तहत पर्यटकों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इसी क्रम में अमरकंटक में इस सेवा का शुभारंभ कल से किया जा रहा है।
नई हेली सेवा के तहत हेलीकॉप्टर जबलपुर से उड़ान भरकर सीधे अमरकंटक पहुंचेगा। अधिकारियों के अनुसार यह सेवा पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण सिद्ध होगी, जहां वे आसमान से अमरकंटक की वादियों, घने जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत नजारा देख सकेंगे।
अमरकंटक से लगभग 5 किलोमीटर दूर बालकों में आधुनिक हेलीपैड का निर्माण किया गया है। यहां उतरने के बाद पर्यटकों को टैक्सी और कार सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से वे नर्मदा उद्गम, कपिलधारा, दूधधारा, कपिलधारा, सोनमुड़ा सहित अमरकंटक के प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
नई सेवा से जबलपुर से अमरकंटक की दूरी मात्र एक घंटे में तय की जा सकेगी। जबलपुर–अमरकंटक हेली सेवा का प्रति यात्री किराया 5000 रुपये निर्धारित किया गया है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए एक विशेष एरियल टूर पैकेज भी शुरू किया जा रहा है। इसमें इच्छुक पर्यटक अमरकंटक के प्रमुख स्थलों का 20 मिनट का हेली राइड लेते हुए आसमान से पूरा क्षेत्र देख सकेंगे। इस पैकेज का शुल्क प्रति व्यक्ति 5000 रुपये रखा गया है। इस हेलीकॉप्टर में एक साथ पाँच यात्रियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध होगी।
पर्यटन विभाग का कहना है कि इस सेवा से अमरकंटक में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा मध्यप्रदेश में एडवेंचर और एयर टूरिज्म के नए आयाम स्थापित होंगे।