
कोरबा (आई.बी.एन -24) जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की मॉनिटरिंग हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने दिनांक 27.07.2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोंडी उपरोड़ा तथा शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर दर्री बस्ती का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, ओटी, एनआरसी, दवा वितरण कक्ष, भंडार कक्ष, प्रयोगशाला एवं एक्स-रे कक्ष का अवलोकन किया तथा संधारित अभिलेखों को देखकर कमियों में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने ओपीडी, आईपीडी में भर्ती मरीजों तथा परिजनों से स्वास्थ्य केंद्रों में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। स्टोर में दवाओं की उपलब्धता, दवाओं तथा उपकरणों के रखरखाव तथा चिकित्सालय में साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति, आधार बेस्ड 100 प्रतिशत उपस्थिति इंद्राज करने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष्मान भारत ABHA आई डी बनाने, वय वंदना कार्ड बनाने, टीकाकरण, परिवार कल्याण, एनसीडी तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा समस्त कार्यक्रमों की उपलब्धि को संबंधित पोर्टल में इंद्राज करने को कहा।
बारिश के मौसम में होने वाली मौसमी बीमारी एवं सर्पदंश से निपटने आवश्यक तैयारियों एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया जाए, अस्पताल आने वाले मरीजों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए तथा उनके इलाज पर विशेष ध्यान एवं सावधानी बरती जाए।