क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

एम .जे .एम. हॉस्पिटल के संचालक प्रिंस जैन की मनमानी से कर्मचारी का स्वास्थ्य बिगड़ा,सहायक श्रमायुक्त से शिकायत।

KORBA : जिस कर्मचारी ने आयुष्मान में 1.62 करोड़ दिलाए उसी का दीपावली में रोक दिया गया वेतन।

कोरबा (आई.बी.एन -24)। जिस कर्मचारी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पताल को करोड़ों रुपये का कारोबार दिलाने में अहम भूमिका निभाई, दीपावली के मौके पर उसी कर्मचारी का वेतन रोक दिए जाने का मामला सामने आया है। नया बस स्टैंड टीपी नगर स्थित एम.जे.एम. हॉस्पिटल के संचालक एमडी प्रिंस जैन के खिलाफ आयुष्मान को-ऑर्डिनेटर विनोद कुमार महतो ने सहायक श्रम आयुक्त से शिकायत कर बकाया वेतन दिलाने और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, विनोद कुमार महतो 7 मार्च 2026 से अस्पताल में आयुष्मान को-ऑर्डिनेटर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें प्रतिमाह 23 हजार रुपये वेतन तथा 3 हजार रुपये पीएफ के रूप में अलग से दिए जाने का उल्लेख किया गया है। कर्मचारी का दावा है कि उनके प्रयासों से आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 506 प्रकरणों में अस्पताल को कुल 1 करोड़ 61 लाख 43 हजार 131 रुपये की राशि प्राप्त हुई है।

विनोद महतो का आरोप है कि अक्टूबर माह का वेतन दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के ठीक पहले रोक दिया गया। वेतन रोकने की वजह संचालक से पूछकर छुट्टी नहीं लेना बताई गई, जबकि कर्मचारी का कहना है कि उन्होंने अस्पताल के एडमिन अधिकारी से विधिवत छुट्टी ली थी। उनका आरोप है कि आपात स्थिति में संचालक से व्यक्तिगत अनुमति नहीं लेने के कारण पूरे महीने का वेतन रोक दिया गया।

राशन तक के पैसे नहीं, त्योहार की खुशियां भी हुईं प्रभावित।

शिकायत में कर्मचारी ने अपनी आर्थिक परेशानी का जिक्र करते हुए कहा है कि वेतन रोके जाने से उनका पूरा घरेलू बजट बिगड़ गया। स्थिति ऐसी हो गई कि राशन खरीदने तक के पैसे नहीं बचे और दीपावली पर मिठाई तथा कपड़े खरीदना भी मुश्किल हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि पिछले दो-तीन महीनों से अस्पताल संचालक द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से डांट-फटकार लगाई जा रही थी

मानसिक तनाव से बिगड़ी तबीयत, जेपी अस्पताल में भर्ती होने का दावा।

कर्मचारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि लगातार घटनाक्रम और वेतन रोके जाने से वह मानसिक रूप से परेशान, अपमानित और व्यथित हैं। उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने तथा वर्तमान में जेपी अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी भी शिकायत पत्र में दी है।

श्रम विभाग से वेतन दिलाने की गुहार, कलेक्टर और एसपी को भी भेजी प्रतिलिपि

6 नवंबर 2026 को सहायक श्रम आयुक्त को सौंपे गए शिकायत पत्र में विनोद महतो ने अक्टूबर माह का बकाया वेतन तत्काल दिलाने तथा अस्पताल प्रबंधन को भविष्य में कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करने की चेतावनी देने की मांग की है। उन्होंने आशंका भी जताई है कि शिकायत के बाद अस्पताल प्रबंधन उनके खिलाफ झूठी शिकायत करवा सकता है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।

सुलगते सवाल..?

क्या करोड़ों रुपये का आयुष्मान कारोबार दिलाने वाले कर्मचारी को दीपावली पर अपना वेतन पाने के लिए श्रम विभाग का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा?
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!