
रतनपुर, बिलासपुर (आई.बी.एन -24) रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाघाट के समीप कर्रा निवासी तीरथ राम यादव की निर्मम एवं सुनियोजित हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए कान्हा धीवर उर्फ गोलू, अनीश धीवर उर्फ छोटू तथा शुभम प्रधान को गिरफ्तार किया जाना कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की सक्रियता एवं प्रतिबद्धता का परिचायक है।
भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने उक्त कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि हत्या जैसे जघन्य अपराध में संलिप्त किसी भी आरोपी को किसी भी परिस्थिति में कानून से बचने नहीं दिया जाना चाहिए। यदि विवेचना के दौरान अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता प्रकाश में आती है तो उनकी भी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाए
।
मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 की रात्रि तीरथ राम यादव अपने साथी श्याम सिंह पोते के साथ खूंटाघाट बांध में चौकीदारी हेतु मोटरसाइकिल से जा रहे थे। रात्रि लगभग 9 बजे नवागांव के समीप स्कॉर्पियो वाहन में सवार आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मार दी। दोनों के सड़क पर गिरते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों से प्राणघातक हमला कर दिया। जान बचाने के प्रयास में तीरथ राम यादव खेत की ओर भागे, किन्तु आरोपियों ने पीछा कर उन पर लगातार हमला किया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं श्याम सिंह पोते किसी प्रकार हमलावरों के चंगुल से बचकर गांव पहुंचे तथा परिजनों एवं पुलिस को घटना की सूचना दी
।
हत्या में प्रयुक्त वाहन
राजेश यादव ने कहा कि थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई, सतत दबिश एवं प्रभावी विवेचना के फलस्वरूप तीन आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। उन्होंने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उपनिरीक्षक विष्णु यादव, आरक्षक आकाश डोंगरे, पवन सिंह एवं धीरज कश्यप सहित संपूर्ण पुलिस दल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
उन्होंने कहा कि घटना के तत्काल पश्चात उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा, पुलिस मुख्यालय रायपुर, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्राचार एवं दूरभाष के माध्यम से प्रकरण की गंभीरता से अवगत कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष विवेचना की मांग की थी।
राजेश यादव ने कहा कि गृहमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्देश जारी किए गए तथा पुलिस विभाग द्वारा तत्परता एवं पेशेवर ढंग से कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना अत्यंत सराहनीय कदम है। इसके लिए उन्होंने गृहमंत्री श्री विजय शर्मा एवं समस्त पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा रतनपुर पुलिस की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस विवेचना निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ेगी तथा यदि इस जघन्य अपराध में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाई जाती है तो उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर भारतीय न्याय व्यवस्था के अनुरूप कठोरतम दंड दिलाया जाएगा।
राजेश यादव
राजेश यादव ने राज्य सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को समुचित आर्थिक सहायता, आवश्यक सुरक्षा एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाए तथा इस प्रकरण का शीघ्र परीक्षण फास्ट ट्रैक न्यायालय में कराकर दोषियों को कठोरतम दंड सुनिश्चित किया जाए, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।