
जवाली| IBN- 24 ग्राम जवाली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमी में अध्ययनरत 35 छात्राओं (जिसमें 11अजजा, 9अजा, 15अपिव वर्ग के छात्राए) साइकिलों का वितरण औपचारिक गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में दोपहर 2 बजे के पश्चात मध्यावकाश के बाद किया गया इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना बर्वे, पूर्व प्रभारी प्राचार्य श्री दीपक कुमार चन्द्रा, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र नामदेव, छात्राओं के अभिभावक तथा विद्यालय का समस्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ सहित पूरन पटेल, साहिल पाटले आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें प्रदान करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, शिक्षा के प्रति समर्पित रहने तथा अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना तथा विद्यालयों में छात्राओं की उपस्थिति और निरंतरता सुनिश्चित करना है विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना बर्वे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा प्रदान की गई यह साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी छात्राओं से विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने, नियमित अध्ययन करने तथा इस सुविधा का सदुपयोग करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उक्त कार्यक्रम के पश्चात शिक्षा के प्रति जागृत एवं ग्राम के समस्त जनप्रतिनिधियों व अभिभावकों की उपस्थिति में आगामी दिन वृक्षारोपण कार्यक्रम करने की योजना निर्धारित है ।