
टोकन क्रमांक 04-232 पर दर्ज शिकायत का अब तक नहीं हुआ निराकरण, ग्रामीणों में नाराजगी
भिलाई बाजार कोरबा (आई.बी.एन -24) प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार 2026 में आवेदन देने के चार महीने बाद भी ग्राम छिंदपुर की पेयजल समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे परेशान ग्रामीणों ने भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव से हस्तक्षेप कर समस्या के निराकरण की मांग की है।
ग्राम छिंदपुर निवासी लव कुमार राठौर ने बताया कि उन्होंने 26 जनवरी 2026 को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में टोकन क्रमांक 04-232 के माध्यम से पेयजल समस्या संबंधी लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन जमा किए जाने के बाद भी आज तक न तो कोई स्थायी समाधान हुआ और न ही संबंधित विभाग द्वारा संतोषजनक कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ ही गांव में जलसंकट विकराल रूप ले चुका है। हैंडपंपों से पर्याप्त पानी नहीं निकल रहा है तथा नल-जल योजना भी अपेक्षित लाभ नहीं दे पा रही है। महिलाओं और बच्चों को प्रतिदिन दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर राजेश यादव ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि “सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। यदि 45 दिनों की निर्धारित अवधि के बाद भी चार महीने तक शिकायत लंबित रहती है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। मैं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवेदन क्रमांक 04-232 की स्थिति की जानकारी लूंगा तथा ग्राम छिंदपुर में शीघ्र पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास करूंगा।”
ग्रामीणों ने कलेक्टर कोरबा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कटघोरा से मांग की है कि लंबित आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम छिंदपुर में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
