
कोरबा (आई.बी.एन -24) भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक श्री राजेश यादव ने सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा होने पर प्रदेश के माननीय गृह मंत्री श्री विजय शर्मा एवं सक्ती पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की है।
श्री यादव ने कहा कि 26 जून को ग्राम जोंगरा में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। पुलिस जांच में यह सामने आया कि हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। आरोपी ने अपनी पत्नी एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर झारखंड, महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ के लोगों को लगभग 4 लाख रुपये की सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया। सक्ती पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गहन विवेचना एवं सतत प्रयासों के आधार पर हत्या की साजिश रचने वाले पति-पत्नी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
श्री यादव ने कहा कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने माननीय गृह मंत्री श्री विजय शर्मा को पत्र प्रेषित कर अपराध में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। प्रदेश सरकार के गंभीर प्रयासों एवं सक्ती पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप इस जघन्य हत्याकांड का सफल खुलासा हुआ, जिससे आम जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति तथा पुलिस की कार्यकुशलता का प्रमाण है। अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, कानून के हाथों से कोई अपराधी बच नहीं सकता। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में भय और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
श्री यादव ने माननीय गृह मंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व एवं संवेदनशील पहल के कारण पुलिस ने इस गंभीर मामले में तेजी से कार्रवाई कर अपराधियों को गिरफ्तार किया। साथ ही उन्होंने सक्ती पुलिस अधीक्षक सहित पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, सूझबूझ और पेशेवर जांच के कारण इतने कम समय में पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश संभव हो सका।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध त्वरित न्यायिक प्रक्रिया अपनाकर उन्हें कठोर से कठोर दंड दिलाया जाएगा, जिससे भविष्य में इस प्रकार के जघन्य अपराध करने वालों को कड़ा संदेश मिलेगा और प्रदेश में कानून का राज और अधिक सुदृढ़ होगा।