
कोरबा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी उपनिरीक्षक डॉ. सुकान्त पांडेय के नेतृत्व में टीम ने थाना बांगो क्षेत्र के सासीन में छापा मारकर मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए बनी 33 पाव व्हिस्की जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सासीन निवासी एक युवक अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वृत्त-कटघोरा की टीम ने सासीन में दबिश दी।
इस दौरान आरोपी विनय कुमार पिता जयकरण, उम्र 26 वर्ष, निवासी सासीन, थाना बांगो को मौके से पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से _Goa Spirit of Smoothness Whisky_ के 33 पाव बरामद किए गए। इन बोतलों पर स्पष्ट रूप से _’Only for Sale in Madhya Pradesh’_ लिखा था और ये छत्तीसगढ़ में बिना ड्यूटी चुकाए बेची जा रही थीं। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.94 लीटर आंकी गई है।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क,ख), 34(2), 36, 59(क) के तहत प्रकरण क्रमांक 01 कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को आबकारी उपनिरीक्षक डॉ. सुकान्त पांडेय ने अंजाम दिया। उनके साथ आबकारी आरक्षक रितेश गवेल भी मौजूद थे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।