
आई.बी.एन -24 न्यूज।
कोरबा/बांकीमोंगरा
संवाददाता: अनुज पाठक
बांकीमोंगरा (आई.बी.एन -24) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ग्राम भारती सरस्वती शिशु मंदिर, बांकीमोंगरा के छात्र-छात्राओं द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ विद्यार्थियों ने नगर में भ्रमण कर लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं बांकीमोंगरा मुख्य चौक पर एकत्रित हुए, जहां देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। यात्रा में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विद्यार्थियों में खास उत्साह देखने को मिला। पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से सराबोर नजर आया।
विद्यालय प्रबंधन जितेन्द्र सिंह ने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती शैल राठौर एवं व्यापारी प्रमोद अग्रवाल सहित अन्य लोग भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव प्रकट करने का संदेश दिया गया।