रतनपुर में अवैध रेत उत्खनन: नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश।

रतनपुर/बिलासपुर(आई.बी.एन -24)। जिले के रतनपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है। ग्राम खैरखुण्डी में अवैध रेत उत्खनन करते हुए पकड़े गए ट्रैक्टर चालक ने नायब तहसीलदार राहुल साहू पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की।
क्या हुआ जाने पूरा मामला ..?
बताया जा रहा है कि बेलतरा तहसीलदार द्वारा बीते दो दिनों से गड़वट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम खैरखुण्डी निवासी रितुराज सिंह को अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक ने ट्रैक्टर में लोड रेत को नदी में ही आधा-अधूरा खाली कर दिया और वाहन लेकर भागने लगा।
नायब तहसीलदार की जान जोखिम में
इसी दौरान आरोपी चालक द्वारा नायब तहसीलदार राहुल साहू के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया। स्थिति को भांपते हुए नायब तहसीलदार ने कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी चालक लापरवाहीपूर्वक अत्यधिक गति से वाहन चलाते हुए बस्ती की ओर भाग गया, जिससे रास्ते में मौजूद लोगों की जान को खतरा उत्पत्र हो गया।
आदतन अपराधी है आरोपी
आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ में बताया गया कि उक्त चालक पूर्व में भी इसी प्रकार लापरवाही से वाहन चलाता रहा है तथा आदतन अपराधी बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रतनपुर थाना में धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर उसे बेलतरा तहसील में प्रस्तुत किया गया।
ट्रैक्टर को छोड़ने पर उठ रहे सवाल।
हालांकि, घटना के बाद अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को छोड़े जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जब चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, तो अवैध उत्खनन में प्रयुक्त वाहन को क्यों छोड़ा गया।
प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल..?
बेलतरा तहसीलदार द्वारा बीते दो दिनों से गड़वट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध छापेमारी की जा रही है, लेकिन कुछ मामलों में ट्रैक्टरों को पकड़ने के बाद छोड़ दिए जाने से अवैध उत्खनन करने वालों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर पारदर्शिता और सख्ती की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है।