संवाददाता: प्रदीप महंत।

ढोंगदरहा : ग्राम पंचायत ढोंगदरहा में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत तालाब के पास शासन द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालय को गांव के ही कुछ उपद्रवी और असामाजिक तत्वों द्वारा बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। तोड़फोड़ इतनी भयानक है कि फिलहाल शौचालय उपयोग करने लायक नहीं बचा है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ गांव के विकास के लिए शासन द्वारा लाखों रुपए खर्च कर सुविधाएं दी जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ गांव के ही कुछ लोग सरकारी संपत्ति के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। यह कृत्य निंदनीय है।
समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन लोगों ने इस सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में जहां-जहां भी सरकारी भवन बने हैं, वहां-वहां सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लग सके और सरकारी संपत्ति सुरक्षित रह सके।