
कोरबा (आई.बी.एन -24) जिले में बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के लिए कोरबा पुलिस ने आज एक बड़ा अभियान चलाया। “साइबर जागृति अभियान” के तहत पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर लगभग 3000 विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले के निर्देशन में दिनांक 20.08.2026 को थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा पुलिस टीम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एक साथ कार्यक्रम किए।
कहां-कहां हुआ जागरूकता कार्यक्रम।
पुलिस टीम कमला नेहरू महाविद्यालय कोतवाली, शासकीय महाविद्यालय दीपका, शासकीय नवीन महाविद्यालय बांकीमोंगरा, ITI कॉलेज दर्री, स्वामी आत्मानंद स्कूल पोड़ी व अयोध्यापुरी, शासकीय हाई स्कूल पाली, एकलव्य विद्यालय देवपहरी लेमरू सहित कई कोचिंग संस्थानों में पहुंची।
विद्यार्थियों को दी गई ये सीख।
पुलिस ने छात्रों को UPI फ्रॉड, बैंक फ्रॉड, OTP ठगी, फर्जी लोन ऐप, संदिग्ध APK फाइल और फर्जी वेबसाइट के बारे में विस्तार से समझाया।
पुलिस ने स्पष्ट कहा – “OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक डिटेल किसी को न बताएं। अनजान लिंक या कॉल से सावधान रहें।”
कोरबा पुलिस की अपील।
यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
कोरबा पुलिस ने कहा कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जिम्मेदार नागरिक बनकर साइबर अपराध को मात दें।