
करतला, एजेंसी। ग्राम पंचायत ढोंगदरहा में आज दिनांक 20/08/2026 गुरुवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सभा में पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में पूर्व सरपंच श्री मालिकराम राठिया, सरपंच श्रीमति अमिला राठिया, पंच श्री आसन दास महंत, पंच श्री गोपाल सिंह कंवर, पंच श्रीमति अनिता बाई कंवर, सचिव श्री दिलेश्वर सिंह नागवंशी, पूर्व माध्यमिक शाला प्रधानपाठक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
सभा में इन मुद्दों पर हुई चर्चा।
ग्राम सभा में सड़कों पर आवारा पालतू मवेशियों के घूमने से होने वाली जन और मवेशी हानि, पंचायत के विगत तिमाही के आय-व्यय की समीक्षा एवं अनुमोदन, ग्राम पंचायत द्वारा किए जा रहे अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा सहित कई विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बंद मिला उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण नाराज।
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने देखा कि गांव का सुरक्षित मातृत्व आश्वासन उप स्वास्थ्य केंद्र बंद पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की तरफ से यहां 3-3 कर्मचारी पदस्थ हैं, लेकिन आज ग्राम सभा जैसे महत्वपूर्ण दिन भी केंद्र बंद मिला। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब ग्राम सभा के दिन ही अस्पताल बंद है तो अन्य दिनों में क्या स्थिति होगी।
ग्रामीणों की मांग।
ग्रामवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उप स्वास्थ्य केंद्र को बंद न रखा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल बंद रहने से उन्हें इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है जिससे काफी परेशानी होती है।
संवाददाता: प्रदीप महंत, IBN24 न्यूज, करतला कोरबा