
बाँकीमोंगरा (आई.बी.एन -24) 12वें जेबीसीसीआई (JBCCI) के गठन एवं 12वें वेतनमान समझौते को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर एचएमएस यूनियन की बाँकीमोंगरा इकाई ने बुधवार को संयुक्त ट्रेड यूनियनो की एसईसीएल बाँकी-सुराकछार अस्पताल कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रबंधन की कथित मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मजदूरों की लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कोयला मजदूर लंबे समय से 12वें वेतनमान समझौते का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
यूनियन नेताओं ने बताया कि 1 जुलाई को संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के नेतृत्व में पूरे कोल इंडिया में “मांग दिवस” मनाया गया है। इसके बाद जेबीसीसीआई के गठन और 12वें वेतनमान समझौते को लागू कराने के लिए व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
इस अवसर पर कोरबा एरिया महामंत्री सुरेंद्र मिश्रा। ने कहा कि कोयला मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन हमेशा संघर्ष करती रही है और इस बार भी मजदूर हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक इस मुद्दे का समाधान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन का क्रम जारी रहेगा।
वहीं एचएमएस यूनियन बाँकीमोंगरा इकाई के अध्यक्ष भोला पटेल ने कहा कि आज एसईसीएल बाँकी-सुराकछार अस्पताल कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर कोल इंडिया प्रबंधन को यह संदेश दिया गया है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ-साथ अंतिम पंक्ति का कर्मचारी भी इस नीति से प्रभावित है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए।
धरना-प्रदर्शन में यूनियन के अनेक पदाधिकारी, कर्मचारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।