आंगनबाड़ी भवन निर्माण में घोटाला, ग्रामीणों ने किया हल्ला बोल।

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा (आई.बी.एन 24) – ग्राम पंचायत लेपरा में आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत में घोटाले का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच कुमारी चंद्रकला पोर्ते ने आंगनबाड़ी भवन को मुड़ढक्की में ना बनाकर ग्राम चुनभट्टी में बनवा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मुड़ढक्की की कुल जनसंख्या 100 है, जिसमें छोटे बच्चों की संख्या 12 से 15 है, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सर्वे में कुल बच्चे दो बताए हैं। ग्रामीणों ने सरपंच की इस अनदेखी बात को सुनकर जनपद सीईओ से गुहार लगाई है।
जनपद सीईओ ने सरपंच को बुलाकर ग्रामीणों की शिकायत पर काम बंद कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुड़ढक्की के नाम से स्कूल पहले से ही बन चुका है, इसलिए आंगनबाड़ी भवन मुड़ढक्की में ही बनना चाहिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और सचिव की लापरवाही के कारण मुड़ढक्की मोहल्ले में विकास नहीं हो पा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर आंगनबाड़ी भवन मुड़ढक्की में नहीं बनाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।