कोरबा में उद्यमिता का शंखनाद — युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने जिला प्रशासन की पहल।

पाली (आई बी एन -24)
जिले के युवाओं को स्वरोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा ग्राम पंचायत केराझरिया (विकासखण्ड पाली) में एक दिवसीय भव्य उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, महिला समूहों तथा संभावित उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र में उद्यमिता की नई चेतना का संचार किया।
शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक एवं पीएमएफएमई योजना के डीआरपी द्वारा योजनाओं की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि शासन द्वारा उपलब्ध सब्सिडी, आसान ऋण सुविधा, तकनीकी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के माध्यम से किस प्रकार स्वयं का उद्योग स्थापित किया जा सकता है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से रोजगार सृजन को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। शिविर में उपस्थित युवाओं ने स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित रहा, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास और उद्यमिता की भावना जागृत करने का सशक्त माध्यम भी बना।