
कोरबा, एजेंसी। जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को आबकारी विभाग कोरबा की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में दबिश देकर 61 पाव अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आबकारी उपनिरीक्षक डॉ. सुकान्त पांडेय को सूचना मिली थी कि थाना सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद डॉ. पांडेय के नेतृत्व में आबकारी मुख्य आरक्षक सिमोन मिंज, दसराम सिदार और संतोष राठौर की टीम ने मौके पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान टीम ने अतुल गुप्ता पिता हरिश्चंद्र गुप्ता उम्र 32 वर्ष निवासी पम्प हाउस कोरबा को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के पास से 49 पाव देशी प्लेन और 12 पाव देशी मशाला मदिरा बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 10.98 लीटर है।
विभाग ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 59(क) के तहत प्रकरण क्रमांक 01/2026 कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
डॉ. पांडेय ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।