Uncategorized

पाली : अटल चौक में चोरों का आतंक: SECL कर्मचारी और शिक्षक के घर चोरी, 45 हजार की नगदी और बर्तन पार

पाली (आई.बी.एन -24) नगर पंचायत पाली के वार्ड क्रमांक-1, अटल चौक स्थित मनीष किराना के पास बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की दो बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी है। चोरों ने न केवल हजारों की नगदी और सामान पर हाथ साफ किया, बल्कि अन्य कमरों को बाहर से बंद कर सुरक्षा व्यवस्था को भी चुनौती दी

पहली घटना अटल चौक निवासी SECL कर्मचारी सोमेश चौबे के घर हुई। घटना के समय सोमेश चौबे का परिवार किसी पारिवारिक कार्य से बाहर गया हुआ था। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश किया। शातिर चोरों ने घर के अन्य तीन कमरों में रह रहे किरायदारों को बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई हस्तक्षेप न कर सके। इसके बाद चोरों ने घर के अंदर रखे ₹45,000 की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

चोरी की दूसरी वारदात ठीक उसी घर के सामने रहने वाले शिक्षक वीर सिंह कंवर के घर हुई। चोरों ने शिक्षक के घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती पीतल व अन्य धातु के बर्तनों को लेकर फरार हो गए।

चोरों ने भागते समय घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत के पास घर के जरूरी कागजात और अन्य सामान फेंक दिया, जो बाद में बरामद हुए। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस को अवगत कराया गया है।

क्षेत्रवासियों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और डर का माहौल है। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही चोरों को पकड़ा नहीं गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!