
कटघोरा/भिलाई बाजार (आई.बी.एन -24) भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने विकासखंड शिक्षा कार्यालय कटघोरा अंतर्गत संकुल मुढाली के शासकीय प्राथमिक शाला नवापारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षक उपस्थित मिले तथा विद्यालय भवन का बाहरी रंग-रोगन आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दिया।
किन्तु भवन के अंदर प्रवेश करने पर स्थिति चिंताजनक पाई गई। विद्यालय की छत कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है तथा छत से गिट्टी एवं सीमेंट लगातार भरभराकर गिर रहे हैं। इससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों एवं शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजेश यादव ने तत्काल जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल को मामले की जानकारी दी। उन्होंने विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों को अवगत कराया तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राजेश यादव ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। केवल बाहरी सौंदर्यीकरण पर्याप्त नहीं है, बल्कि भवन की संरचनात्मक मजबूती भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने विद्यालय भवन की तत्काल जांच एवं मरम्मत कराने की मांग की है।
वर्तमान में विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के पालक एवं ग्रामीण जर्जर छत को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित वातावरण में ही संवारा जा सकता है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत की दिशा में कितनी शीघ्र कार्रवाई की जाती है।