क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

खबर का असर: पाली स्कूल में मारपीट के बाद प्राचार्य मनोज सराफ हटाए गए, स्वामी आत्मानंद विद्यालय छुरी अटैच।

 

कोरबा (आई.बी.एन -24): पाली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य और व्याख्याता के बीच हुई मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। आई.बी.एन-24 द्वारा खबर प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा ने प्राचार्य मनोज सराफ को तत्काल प्रभाव से हटाकर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय छुरी, विकासखंड कटघोरा में अटैच कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 18 जून 2026 को जारी आदेश क्रमांक 2243 के अनुसार, 16 जून 2026 को शा.उ.मा.वि. पाली में प्राचार्य मनोज सराफ एवं व्याख्याता प्रखर पाण्डेय के मध्य समस्त स्टाफ के समक्ष वाद-विवाद तथा मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण अशांत हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार पाली द्वारा जांच कर प्रतिवेदन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली को भेजा गया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी ने अग्रिम कार्यवाही हेतु संचालक लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर को प्रस्ताव भेजा।

वर्तमान में विद्यालय तनावपूर्ण होने तथा शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिकोण से प्राचार्य मनोज सराफ को अपनी उपस्थिति स्वामी आत्मानंद विद्यालय छुरी में देने हेतु आदेशित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था पूर्णतः अस्थायी है तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा अंतिम निर्णय लिए जाने तक प्रभावशील रहेगी। साथ ही निर्देशित किया गया है कि आदेश प्राप्ति के पश्चात नवीन संस्था में उपस्थिति देना सुनिश्चित करें, वेतन आहरण मूल संस्था से ही होगा।

उक्त आदेश कलेक्टर महोदय कोरबा द्वारा अनुमोदित है। आदेश की प्रतिलिपि अवर सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, संचालक लोक शिक्षण, संभागीय संयुक्त संचालक बिलासपुर सहित संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।

 

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!