
कोरबा (आई. बी. एन -24)पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के रोवर–रेंजरों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल छत्तीसगढ़ राज्य, बल्कि कोरबा जिला एवं पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक का नाम रोशन किया है।
दिनांक 9 जनवरी से 13 जनवरी 2026 तक जिला बालोद के दुधली ग्राम में भारत स्काउट एवं गाइड, रोवर–रेंजर की प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ राज्य के प्रथम नागरिक माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका जी द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर देश-विदेश से आए रोवर–रेंजरों ने भव्य मार्च पास्ट कर तिरंगे को सलामी दी।

पाँच दिवसीय इस राष्ट्रीय जंबूरी का थीम “श्रेष्ठ युवा से राष्ट्र निर्माण” रहा। यह आयोजन किसी विशाल कुंभ या सांस्कृतिक मेले से कम नहीं था, जहाँ विभिन्न राज्यों के रोवर–रेंजरों ने अपनी संस्कृति, भाषा, बोली, वेशभूषा, खानपान, साहित्य, शिल्प एवं लोककला के माध्यम से भारत की अनेकता में एकता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

कोरबा की संस्कृति बनी आकर्षण का केंद्र
कोरबा जिले के रोवर–रेंजरों ने “काला हीरा” कोयला खदान को दर्शाता चिमनीनुमा प्रवेश द्वार बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, कोरवा जनजाति की पारंपरिक वेशभूषा को रोवर अंश इंगले एवं रेंजर सीमा व माही जायसवाल ने एथनिक शो के माध्यम से प्रस्तुत कर जिले को गौरवान्वित किया।
युवा संसद और फोरम में प्रभावशाली भागीदारी
युवा संसद (थीम – एक देश, एक चुनाव) एवं यूथ फोरम (थीम – नशा मुक्त देश एवं समाज में युवाओं की भूमिका) में सेजस पोड़ी उपरोड़ा के छात्र कृष्णा साहू ने जिला एवं राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रभावशाली भाषण दिया, जिसकी सर्वत्र सराहना हुई। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रेंजर वैष्णवी पाल एवं सीमा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया।
छत्तीसगढ़ी व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुति की धूम
फूड प्लाजा में रोवर तन्मय पोर्ते एवं उनकी टीम ने अंगाखर रोटी, ठेठरी, कुर्मी, अडसा सहित पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का प्रदर्शन कर राज्य की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया।
सांस्कृतिक संध्या में “हमर कोरबा रे” गीत पर सैकड़ों रोवर–रेंजरों एवं प्रभारी शिक्षकों द्वारा सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर कोरबा की सांस्कृतिक छवि को देशभर के सामने प्रदर्शित किया गया।
ऐतिहासिक शपथ और राष्ट्रीय उपलब्धि
जंबूरी के अंतिम दिवस पर लगभग 20 हजार रोवर–रेंजरों को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी एवं माननीय शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव जी ने बाल विवाह मुक्त भारत की सामूहिक शपथ दिलाई, जिसे वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।
इस राष्ट्रीय जंबूरी में छत्तीसगढ़ को
“9 ए”, “6 बी” कुल 15 नेशनल सर्टिफिकेट एवं फ्लैग प्राप्त हुए, जो राज्य के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक की सशक्त भागीदारी
इस विशाल राष्ट्रीय आयोजन में रोवर लीडर मनराखन अगरिया (संयुक्त सचिव, पोड़ी उपरोड़ा) एवं एस.के. दिनकर (स्काउट मास्टर, कोरबी-चोटिया) के नेतृत्व में पीएम श्री सेजस पोड़ी उपरोड़ा विद्यालय से—
रितेश यादव, सदाब खान, लोकिता सिंह, तमन्ना मरकाम (सीनियर स्काउट/गाइड),
शोभा कंवर, वैष्णवी पाल, सीमा उइके, वर्षा नायक, हिमानी जायसवाल, माही जायसवाल (रेंजर्स),
मोहन बघेल, कृष्णा साहू, अभिनव जायसवाल, हितेंद्र निर्मलकर, तनिष जायसवाल,
तन्मय पोर्ते, योगेश यादव, हिमांशु दास, सुमित सारथी, अंश इंगले, दुर्गेश कुमार
(भीमराव अंबेडकर ओपन रोवर क्रू, पोड़ी उपरोड़ा)
सहित सैकड़ों प्रतिभागियों ने सहभागिता कर ब्लॉक, जिला एवं राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।