
पोड़ी उपरोड़ा(आई.बी.एन -24) ग्राम पंचायत लेपरा के आश्रित मोहल्ला मुड़दुकी में नवीन आंगनबाड़ी भवन को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। शुक्रवार को प्रस्तावित स्थल पर ही आंगनबाड़ी भवन का भूमि-पूजन किया गया।
गौरतलब है कि पूर्व में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण प्रस्तावित जगह को छोड़कर अन्यत्र किया जा रहा था, जिसकी खबर ‘ आई.बी.एन 24’ ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और अब मूल प्रस्तावित स्थल मुड़दुकी में ही भूमि-पूजन संपन्न कराया गया।
भूमि-पूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लेपरा की सरपंच कु० चन्द्रकला पोर्ते, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सदस्य आयुष सिंह तंवर, पंच रामलाल देवसिंह, हमोदर वर्मा तथा रखेम इंजीनियर उपस्थित रहे। इस दौरान मुड़दुकी के समस्त ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने कहा कि सही जगह पर आंगनबाड़ी बनने से बच्चों और महिलाओं को सुविधा होगी।
खबर का असर होने पर ग्रामीणों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। ग्रामीणों ने मीडिया का आभार जताया।