छत्तीसगढ़राजनीति

स्कूल और अस्पताल के पास जरूरत से ज्यादा रंबल स्ट्रिप, आमजन की परेशानी को देखते हुए एक ही रंबल स्ट्रिप रखने की मांग — राजेश यादव।

कोरबा, 18 अगस्त 2026। नगर के शहीद वीर नारायण चौक पर यातायात की गति नियंत्रित करने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा कटघोरा, अंबिकापुर एवं कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर एक साथ तीन रंबल स्ट्रिप बनाए गए हैं। यातायात सुरक्षा की दृष्टि से गति नियंत्रण आवश्यक है, किंतु व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो सुरक्षा के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और सुगम आवागमन का भी संतुलन बनाए रखे।

शहीद वीर नारायण चौक के आसपास विद्यालय, अस्पताल तथा घनी आबादी स्थित है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में एक साथ तीन रंबल स्ट्रिप होने से दोपहिया वाहन चालकों के साथ स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों तथा गर्भवती महिलाओं को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लगातार रंबल स्ट्रिप पार करते समय कई बार वाहन असंतुलित होने की स्थिति निर्मित होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

विशेषकर अस्पताल की ओर आने-जाने वाले मरीजों और एम्बुलेंस के लिए निर्बाध एवं सहज आवागमन अत्यंत आवश्यक है। स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों और अस्पताल जाने वाले मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। गति नियंत्रण के नाम पर ऐसी व्यवस्था उचित नहीं होनी चाहिए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़े।

इस संबंध में राजेश यादव ने लोक निर्माण मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री से शिकायत कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभाग से शहीद वीर नारायण चौक का स्थल निरीक्षण कर यातायात विशेषज्ञों की राय लेने तथा तीन रंबल स्ट्रिप में से दो को हटाकर केवल एक उपयुक्त रंबल स्ट्रिप रखने की मांग की है।

राजेश यादव ने कहा कि इससे वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण भी बना रहेगा और स्कूली बच्चों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों तथा आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि जनहित में विकास कार्यों का उद्देश्य सुविधा और सुरक्षा बढ़ाना होना चाहिए, न कि नागरिकों के लिए नई परेशानी खड़ी करना। स्कूल और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों के आसपास यातायात व्यवस्था बनाते समय मानवीय पहलू को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोक निर्माण विभाग एवं शासन इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!