
रायपुर (आई.बी.एन -24 न्यूज एजेंसी) भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी श्री राजेश यादव ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केलाम क्षेत्र में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूर भाइयों श्री दीपक रात्रे (निवासी–बुंदेली, जिला सक्ती) एवं श्री भूपेंद्र भैना (निवासी–छुईहा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) की निर्मम हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री यादव ने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में अपने परिवार से दूर मेहनत-मजदूरी करने गए छत्तीसगढ़ के इन श्रमिक भाइयों की आतंकियों द्वारा की गई हत्या अत्यंत निंदनीय, अमानवीय एवं कायरतापूर्ण है। यह हमला केवल दो परिवारों पर नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के मेहनतकश श्रमिक वर्ग पर हमला है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध पूरे देश को एकजुट होकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में निर्दोष नागरिकों को इस प्रकार की घटनाओं का सामना न करना पड़े।
श्री यादव ने केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि—
- दोनों दिवंगत मजदूरों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक शीघ्र छत्तीसगढ़ लाकर अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था की जाए।
- प्रत्येक पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
- मृतकों के बच्चों की निःशुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य की संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा वहन की जाए।
- अन्य राज्यों में कार्यरत छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र एवं संबंधित राज्य सरकारों के समन्वय से प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था एवं विशेष कार्ययोजना बनाई जाए।
श्री यादव ने इस दुखद घटना पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदना और मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दोषी आतंकियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
अंत में श्री यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं सद्गति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।