मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजिम कुंभ कल्प के समापन समारोह में की शिरकत, 50 लाख से धर्मशाला निर्माण की घोषणा।

राजिम (आई.बी.एन -24) मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के त्रिवेणी संगम राजिम में आयोजित कुंभ कल्प के भव्य समापन समारोह में सहभागिता की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। राजिम की पावन भूमि, जहाँ महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों का दिव्य संगम होता है, सदियों से तप, त्याग और आध्यात्मिक चेतना की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि राजिम को “छत्तीसगढ़ का प्रयाग” कहा जाना इसकी अद्वितीय आध्यात्मिक गरिमा को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला निर्माण की घोषणा की। साथ ही राजिम बैराज का कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ करने तथा पूर्व में प्रस्तावित अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।