
कोरबा।/नुनेरा (आई.बी.एन -24) जिला पंचायत कोरबा की स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती माया कंवर ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान विकासखंड पाली अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, लाफा एवं 100 सीटर पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, पाली का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभापति ने विद्यालय में संचालित शिक्षण कार्य, छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही छात्रावास की समस्त व्यवस्थाओं, मेस में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, मेस एवं परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन एवं छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण उपरांत श्रीमती कंवर ने कहा कि _“विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”_
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। भोजन की गुणवत्ता, मेस की स्वच्छता एवं छात्रावास की सभी व्यवस्थाओं का नियमित रूप से निरीक्षण कर उन्हें सतत बेहतर बनाए रखा जाए।
निरीक्षण के समय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाफा के प्रभारी प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।