
संवाददाता :अनुज पाठक
बांकीमोंगरा (आई.बी.एन -24)। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने जिले में संचालित रिटेल पेट्रोल पंपों पर आम जनता को मिल रहे ईंधन की गुणवत्ता एवं मात्रा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी को पत्र सौंपकर जांच की मांग की है।
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान समय में पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में ईंधन नहीं मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि कई उपभोक्ताओं को संदेह है कि पेट्रोल पंपों पर कम मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जिले के सभी रिटेल पेट्रोल पंपों की निष्पक्ष जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सही मात्रा एवं गुणवत्ता का ईंधन उपलब्ध हो। साथ ही दोषी पाए जाने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम नागरिकों का भरोसा बना रहे।
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने कहा कि महंगाई के इस दौर में आम जनता पहले से ही आर्थिक बोझ झेल रही है, ऐसे में यदि ईंधन वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता होती है तो यह सीधे उपभोक्ताओं के हितों के साथ अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर आम लोगों को राहत दिलाने की अपील की है।
इस पहल को क्षेत्र के नागरिकों ने जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सराहना की है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।