
रायपुर (आई.बी.एन -24) राजधानी रायपुर के एक मॉल में शहर घूमने आए ग्रामीण परिवार के साथ कथित तौर पर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो के आधार पर सोमा देवांगन और उनके कथित साथी रॉकी पर आरोप लग रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो के मुताबिक, ग्रामीण परिवार मॉल में था, तभी कथित तौर पर सोमा देवांगन और रॉकी से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान ‘गांव वाले मॉल में आ जाते हैं’ जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। वीडियो में कथित तौर पर पुलिस बुलाने की धमकी और ‘2.50 मिनट की पत्रकारिता’ का रौब झाड़ने की बात भी सुनाई दे रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बात बढ़ने पर ग्रामीण परिवार के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
पीड़ित परिवार का पक्ष।
पीड़ित ग्रामीण परिवार का कहना है कि वे पहली बार रायपुर मॉल घूमने आए थे। उन्हें ‘गांव वाला’ कहकर अपमानित किया गया और बिना वजह टारगेट किया गया। परिवार ने धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया पर उबाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया आ रही है। लोग इसे ‘शहरी-ग्रामीण भेदभाव’ का मामला बता रहे हैं। कई यूजर्स ने रायपुर पुलिस से मामले में स्वतः संज्ञान लेकर जांच की मांग की है।
पुलिस का बयान अभी बाकी
फिलहाल रायपुर पुलिस में इस संबंध में किसी लिखित शिकायत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है। तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और लगाए जा रहे आरोपों पर आधारित है। ‘आई.बी. एन -24’ वीडियो की सत्यता या आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। मामले में सभी संबंधित पक्षों का बयान आने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा। आरोपी पक्ष से संपर्क का प्रयास किया गया खबर लिखने तक संपर्क नहीं हो पाया।