
कोरबा/नुनेरा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय नुनेरा में गुरुवार सुबह कक्षा 9वीं की छात्रा श्रद्धा की अचानक तबियत बिगड़ने से विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षकों की तत्परता और सूझबूझ से छात्रा को तत्काल पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उपचार कराया गया, जिससे उसकी हालत अब पूरी तरह स्थिर है।प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा श्रद्धा नियमित रूप से कक्षा में अध्ययन कर रही थी। इसी दौरान उसे अचानक चक्कर आने लगे और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना होते ही सहपाठी छात्राओं ने शिक्षकों को सूचना दी, जिसके बाद विद्यालय के शिक्षक तत्काल मौके पर पहुंचे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने बिना समय गंवाए छात्रा को स्कूल वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि छात्रा को कमजोरी और डिहाइड्रेशन के कारण चक्कर आए थे। समय पर उपचार मिलने से उसकी स्थिति सामान्य हो गई है और वह अब खतरे से बाहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर अस्पताल पहुंचाने से बड़ी अनहोनी टल गई।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित पौष्टिक भोजन, पर्याप्त पानी और आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल के साथ विद्यालय भेजने का आग्रह किया।