
कटघोरा, एजेंसी। लगातार बारिश और मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के गेट खुलने से संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कल कटघोरा के राधासागर तालाब और कोहड़िया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
राधासागर तालाब में रेस्क्यू टीम ने नाव, रस्सी और लाइफ जैकेट की मदद से पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, तथा मेडिकल टीम द्वारा सीपीआर, ऑक्सीजन और प्राथमिक उपचार का अभ्यास किया गया। वहीं कोहड़िया प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव की काल्पनिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई का अभ्यास हुआ।
इस अभ्यास में अपर कलेक्टर ओंकार यादव, एसडीएम टी.आर. भारद्वाज, तहसीलदार सूर्य प्रकाश केशकर, थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन दल, NDRF एवं SDERF की टीमें शामिल रहीं।
इस मॉक ड्रिल में पोंडी उपरोड़ा SEJS के होनहार छात्र कृष्णा साहू (ग्रुप फोटो में 5वें नम्बर पर )ने रेस्क्यू टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाते हुए सराहनीय योगदान दिया।* कृष्णा की प्रेरणा उनकी माता श्रीमती रमा साहू हैं, जिन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर ‘प्रेरणा माता’ ने दिल्ली में अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आपदा के समय अफवाहों पर ध्यान न दें और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करें।