
संवाददाता: मंगलम महंत।
कोरबा(आई.बी.एन -24) उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तरदा में आज सुबह मगरमच्छ देखे जाने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही 112 पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ का बिना किसी क्षति के रेस्क्यू कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला।
ग्रामीणों के अनुसार आज भोर सवेरे तरदा तलाब के आसपास गांव के नंदू लाल पटेल पिता बीरबल पटेल और अन्य ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा। तुरंत सूचना 112 पुलिस और फॉरेस्ट टीम को दी गई।

ग्रामीणों की सूझबूझ और वन विभाग की टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। इस दौरान कोई जनहानि या संपत्ति की क्षति नहीं हुई।
नदी में भी मगरमच्छ देखे जाने का दावा।
ग्रामीणों ने बताया कि कुदुरमाल और तरदा के पास बहने वाली हसदेव नदी में भी मगरमच्छ देखे जाने की बात सामने आ रही है। इससे पूरे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तरप्रदेश में 11-12 वर्षीय बच्चे पर मगरमच्छ के हमले की खबर भी आई थी। ऐसे में वन विभाग ने लोगों से नदी और तलाब के किनारे सतर्क रहने और बच्चों को अकेले पानी के पास न जाने देने की अपील की है।