क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

कोरबा: निलंबित पुलिसकर्मी का रौब, जेसीबी से खेत रौंदकर किसान को दी “गाड़ देंगे” की धमकी, 3 पर FIR

कोरबा (आई.बी.एन -24) हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम कोरबी (धतुरा) में जमीन विवाद के चलते एक निलंबित पुलिसकर्मी ने अपने रसूख का धौंस दिखाते हुए पड़ोसी किसान को जान से मारने की धमकी दे डाली। मामले में पुलिस ने निलंबित पुलिसकर्मी समेत 3 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की है।

ग्राम कोरबी निवासी 62 वर्षीय किसान फत्ते सिंह राठौर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। फत्ते सिंह के अनुसार उनकी और रोहित प्रताप सिंह राठौर के परिवार की जमीन आपस में लगी है। 1977 में आपसी बंटवारा और 1991 में खाता विभाजन के बाद से दोनों अपने हिस्से की खेती कर रहे थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रोहित के पिता बेचुराम की मौत के बाद विवाद बढ़ गया। रोहित प्रताप सिंह राठौर पुलिस विभाग में पदस्थ है और फिलहाल निलंबित है। वह अपने भाई चैतन्य प्रताप सिंह राठौर और मौसम सिंह राठौर के साथ मिलकर पुलिस का रौब दिखाकर गाली-गलौज करता है। आरोपियों ने “वाहन से कुचलकर मार देंगे” और “जेसीबी से गाड़ देंगे” जैसी धमकी भी दी।

फत्ते सिंह ने बताया कि पिछले 2 साल से आरोपी जेसीबी चलाकर उनका खेत बर्बाद कर रहे हैं। रोहित ने अपनी जमीन मौसम सिंह को अधिया पर दे रखी है। विरोध करने पर आरोपी कहते हैं – “शिकायत कर दो, मेरा पुलिस कुछ नहीं कर सकता”।

17 जून 2026 को तीनों आरोपी जेसीबी लेकर खेत पहुंच गए और मशीन चलाने लगे। रोकने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।

हरदीबाजार पुलिस ने शिकायत पर रोहित प्रताप सिंह राठौर, चैतन्य प्रताप सिंह राठौर और मौसम सिंह राठौर के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!