
हरदीबाजार (आई. बी. एन. -24) ग्राम पंचायत गुमिया में निर्माण कार्यों की राशि को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सरपंच गौतम प्रसाद बियार ने कलेक्टर और एसपी कोरबा को लिखित शिकायत देकर उप सरपंच पति ओम प्रकाश साहू उर्फ राजू साहू पर दबावपूर्वक राशि आहरण कराने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
40 लाख में 8 लाख कमीशन का आरोप।
शिकायत के अनुसार, पंचायत में स्वीकृत प्रभारी मद के तहत 40 लाख रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत हैं। आरोप है कि उप सरपंच पति ने 20% कमीशन के नाम पर 8 लाख रुपये अपनी फर्म सत्यम इंटरप्राइजेज के खाते में जमा करा लिए।
वहीं जनपद पंचायत से जय स्तंभ में आहाता निर्माण के लिए मिली 6 लाख रुपये की अग्रिम राशि का चेक भी अपने पास रखकर फर्म में ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जा रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष का रौब और जेल भेजने की धमकी।

सरपंच का आरोप है कि राशि मांगने पर उन्हें और सचिव को जेल भेजने की धमकी दी गई और खुद को भाजपा बरपाली मंडल अध्यक्ष बताकर रौब दिखाया गया। सरपंच ने खुद को आदिवासी बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

