
संपादक : गणेश दास महंत मो. नं . 80855-34877
पाली (आई.बी.एन -24) विकासखण्ड पाली के ग्राम पंचायत धौराभांठा में मुख्यमार्ग किनारे वनभूमि को खुलेआम नीलाम किया जा रहा है। यहां ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर अपना-अपना हिस्सा तय कर लिया है। आधा दर्जन से अधिक झोपड़ीनुमा दुकानें तन चुकी हैं और पीछे एक भव्य पक्के मकान का निर्माण जोरों पर है। धीरे-धीरे यहां मकान-दुकान की बस्ती बसाने की तैयारी है और संबंधित विभाग तमाशा देख रहा है।
बताया जा रहा है कि जिस भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है वह वन विभाग की आरक्षित जमीन है। नियमतः यहां एक ईंट भी नहीं लगनी चाहिए, लेकिन यहां बिना रोक-टोक दुकान-मकान बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सब प्लानिंग के तहत हो रहा है। पहले गरीबों को मोहरा बनाकर छोटी दुकानें, फिर पक्के मकान बनवाए जाएंगे और बाद में कहा जाएगा कि पीढ़ियों से रह रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है “अगर अभी नहीं रोका गया तो आगे चलकर बड़ा विवाद होगा। समय रहते कार्रवाई जरूरी है।”
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि सभी अवैध दुकानों और निर्माण को गिराकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आगे कोई अवैध कब्जा न कर सके। उनका कहना है कि “आज एक दुकान, कल पूरा गांव” वाली स्थिति न बने। एक बार बस्ती बस गई तो फिर मानवीय आधार का रोना शुरू हो जाएगा।
फिलहाल वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों का इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।