
संवाददाता: सुनील दास महंत
कोरबा(आई.बी.एन -24)जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग ने लगातार अभियान चला रखा है। इसी कड़ी में शनिवार को आबकारी विभाग दीपका वृत्त की टीम ने थाना पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बधियापारा में दबिश देकर अवैध महुआ शराब के बड़े जखीरे को पकड़ा।
कैसे हुई कार्रवाई : आबकारी उपनिरीक्षक डॉ. सुकान्त पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बधियापारा में कुछ लोग अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर उसे बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी मुख्य आरक्षक सिमोन मिंज के साथ टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापामार कार्रवाई के दौरान मौके से 24.2 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने में उपयोग होने वाला 100 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी जेल भेजा गया : आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क,ख,च), 34(2), 59(क) के तहत प्रकरण क्रमांक 01 दर्ज कर विवेचना के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। जप्त सामग्री को विभागीय अभिरक्षा में रखा गया है।
अधिकारी का बयान : डॉ. सुकान्त पांडेय ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से दबिश दी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध शराब की बिक्री या निर्माण की जानकारी मिलने पर तुरंत आबकारी विभाग को सूचित करें।
आबकारी विभाग का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।