
कोरबा (आई.बी.एन -24) जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बक्साही में एक परिवार को समाज से बहिष्कृत किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित भरत लाल श्रोते ने थाना प्रभारी पाली को लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की है।
क्या है पूरा मामला:
शिकायतकर्ता भरत लाल श्रोते, पिता स्व. आशाराम श्रोते, निवासी बक्साही ने बताया कि उनके चाचा रामकृष्ण श्रोते का निधन 19.12.2025 को हो गया था। आरोप है कि अंतिम संस्कार में शामिल होने गई उनकी मां को गांव की कुछ महिलाओं ने शामिल होने से मना कर दिया था।

इसके बाद गांव और आसपास के समाज के लोगों ने मिलकर भरत लाल और उनके पूरे परिवार को शादी, जन्मदिन, मृत्यु, छठी और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में आने-जाने से पूरी तरह रोक दिया है। इसे “हुक्का-पानी बंद” किया जाना कहा जा रहा है।
समाज की बैठक नहीं हुई:
भरत लाल का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने गोंड़ समाज बक्साही और आसपास के सगा समाज की बैठक बुलाने की कोशिश की, लेकिन विपक्षियों के प्रभाव के कारण कोई भी बैठक नहीं हो सकी।
12 लोगों पर लगाया आरोप:
शिकायत में भरत लाल ने ग्राम के 12 लोगों को नामजद किया है। इनमें इतवार सिंह मरावी, बारेलाल राज, महेश्वर सिंह मरावी, कुंवर सिंह उइके, दयाराम टेकाम, सुरज सिंह मरावी, पुरुषोत्तम सिंह टेकाम, भयवान सिंह नागन, दशरथ सिंह टेकाम, बैसराम मरावी, भागवानी सिंह टेकाम और रामराय टेकाम शामिल हैं। आरोप है कि इन्हीं लोगों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को समाज से बहिष्कृत किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी:
पीड़ित ने थाना प्रभारी से मामले में हस्तक्षेप कर उन्हें और उनके परिवार को सामाजिक कार्यों में शामिल होने की अनुमति दिलाने की मांग की है।