क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

पाली की 13 साल की सान्वी मारू ने रचा इतिहास, नेशनल शूटिंग में जीता कांस्य।

देहरादून में 408.3 स्कोर के साथ 10 मीटर एयर राइफल में जीता मेडल, छत्तीसगढ़ के लिए जूनियर वर्ग का पहला पदक

पाली/कोरबा(आई.बी.एन -24) नगर पंचायत पाली की 13 वर्षीय सान्वी मारू ने देहरादून में आयोजित ओपन नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर दिया है। 15 से 23 मई 2026 तक चली इस प्रतियोगिता में सान्वी ने 10 मीटर एयर राइफल महिला जूनियर वर्ग में 408.3 का शानदार स्कोर बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ राज्य के लिए इस वर्ग में पहला राष्ट्रीय पदक है।

सान्वी पिछले एक साल से छत्तीसगढ़ शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी, बिलासपुर में श्रीमती शाइनी मसीह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों के निर्देशन में कम समय में ही उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। इस चैंपियनशिप में राज्य के करीब 25 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था, जिनमें सान्वी का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा।

पाली ब्लॉक की बेटियां अब पारंपरिक खेलों से आगे बढ़कर शूटिंग, रग्बी, तैराकी जैसे प्रतिस्पर्धी खेलों में भी राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रही हैं। कबड्डी में संजू देवी के बाद अब सान्वी मारू ने शूटिंग जैसे नए खेल में इतिहास रच दिया है। शूटिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिलासपुर के अध्यक्ष शशांक मसीह, सचिव आशीष नाथ और नगर पंचायत पाली ने सान्वी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता राज्य के दूसरे उभरते निशानेबाजों के लिए प्रेरणा बनेगी।

सान्वी वर्तमान में सीबीएसई क्लस्टर खेलों की तैयारी भी अकादमी में कर रही हैं। सान्वी पाली के प्रतिष्ठित व्यापारी और समाजसेवी नटवर मारू की पोती हैं। उनके पिता नितेश कुमार मारू कृषि विभाग कोटा में पदस्थ हैं जबकि माता युष्मा मारू ठाकुर छेदी लाल बैरिस्टर कृषि महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक हैं। सान्वी की यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है।

 

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!