
रायपुर(आई.बी.एन -24) खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सक्रिय रहेगी।
विभाग की अपील के अनुसार, किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक ब्लॉक स्तर पर जारी संपर्क सूची के माध्यम से संबंधित मेडिकल स्टोर या अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे। डॉक्टर की पर्ची दिखाकर आवश्यक दवाएं प्राप्त की जा सकेंगी। इसके लिए सहायक औषधि नियंत्रक, औषधि निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं।
औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर तथा रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर 20 मई को खुले रहेंगे। इन केंद्रों से आम नागरिकों को सस्ती एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराएं नहीं और आवश्यक होने पर ही दवाएं खरीदें। किसी भी असुविधा की स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। जिला प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।