
कटघोरा, एजेंसी। कोरबा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने सहायक आयुक्त आबकारी के स्पष्ट निर्देशों के बाद विभाग ने कमर कस ली है। निर्देशों के परिपालन में शासकीय मदिरा दुकानों की 5 किलोमीटर परिधि में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त-कटघोरा डॉ. सुकान्त पांडेय के नेतृत्व में टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटघोरा स्थित विदेशी मदिरा दुकान से महज 100 मीटर की दूरी पर संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसनियाँ गांव निवासी सुरेश कुमार बिंझवार शासकीय शराब दुकान के पास ही अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर खपत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डॉ. पांडेय ने तत्काल एक टीम गठित कर कसनियाँ गांव में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने आरोपी के ठिकाने से 19.2 लीटर अवैध महुआ शराब और शराब निर्माण में उपयोग होने वाला 100 किलो महुआ लाहन बरामद किया। मौके पर अवैध कच्ची शराब बनाने के उपकरण भी मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट किया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी सुरेश कुमार बिंझवार को हिरासत में लिया गया। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क, ख, च), 34(2), 59(क) के तहत कायम प्रकरण क्रमांक 01/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। जब्त की गई शराब और लाहन को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक डॉ. सुकान्त पांडेय के साथ मुख्य आरक्षक दसराम सिदार, आरक्षक रितेश गवेल एवं नगर सैनिक प्रजेश सिंह की सक्रिय भूमिका रही।
डॉ. सुकान्त पांडेय ने बताया कि “सहायक आयुक्त के निर्देशानुसार जिले की सभी शासकीय मदिरा दुकानों के 5 किमी दायरे को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कटघोरा क्षेत्र में यह पहली बड़ी कार्रवाई है। भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील है कि अवैध शराब की सूचना तत्काल विभाग को दें।”