
बालोद (आई. बी.एन -24)बालोद जिला प्रशासन एवं जिला प्रेस क्लब के द्वारा आज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी धनोरा कार्यालय के समीप पौधों को पानी की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु रोपे गए पौधों के निकट मटका लगाने हेतु श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, जनपद पंचायत गुरूर की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू, जनपद उपाध्यक्ष श्री दुर्गांनंद साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती चंद्रिका गंजीर, जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री संतोष साहू एवं ग्राम पंचायत के सरपंच श्रीमती सुमन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने भी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत रोपे गए पौधों के समीप मटका लगाकर एवं मटकों में पानी भरकर श्रमदान के कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने जिला प्रेस क्लब के अभिनव प्रयासों से पौधों के समीप मटके लगाने के इस नेक कार्य की भूरी-भूरी सराहना की। उल्लेखनीय है कि जिला प्रेस क्लब के द्वारा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी धनोरा कार्यालय के समीप रोपे गए पौधों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु कुल 150 मटकेे एवं 05 कोटना उलपब्ध कराया गया है। इसके अलावा गौ सेवक श्री नरेन्द्र जोशी द्वारा भी पौधों की सुरक्षा एवं पशु पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने हेतु जिले में अब तक 700 से अधिक कोटना का वितरण किया जा चुका है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौ सेवक श्री नरेन्द्र जोशी के कार्यों को अत्यंत सराहनीय बताते हुए मुक्तकंठ से सराहना की।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला प्रेस क्लब के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के द्वारा यहाँ पर रोपे गए पौधों को समुचित मात्रा में पानी उपलब्ध कराने हेतु मटका एवं कोटना वितरण कर अत्यंत पुण्य का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रेस क्लब का कार्य पेड़, पौधों के साथ-साथ पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी अत्यंत महत्वपूर्ण एवं काबिले-तारीफ है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बताया कि इस स्थान पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कुल 250 पौधे रोपे गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि पौधों को समुचित मात्रा में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु पेड़, पौधों के समीप मटके लगाने की अभियान की शुरूआत संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से की गई है। उन्होंने कहा कि वहाँ पर भी इसका बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रेस क्लब के द्वारा पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु किया गया सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि मीडिया जनहित के प्रत्येक कार्यों को जन-जन तक व्यापक रूप से पहुँचाने का कार्य करता है। अपने इस नेक कार्य के अंतर्गत मीडिया के साथियों के द्वारा हमारे जीवनदायिनी पेड़, पौधों एवं पशु-पक्षियों की रक्षा की दिशा में भी आज अत्यंत पुनीत कार्य किया गया है। जो हम सभी के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। श्रीमती मिश्रा ने ग्राम धनोरा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों की भी सराहना की। श्रीमती मिश्रा ने जिला प्रशासन द्वारा नीर चेतना अभियान के अंतर्गत किए जा रहे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने जिला प्रेस क्लब के सहयोग से आयोजित इस श्रमदान कार्यक्रम की सराहना करते हुए उनके इस कार्य को पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में मील का पत्थर बताया। जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीत संजय साहू ने जिला प्रशासन एवं जिला प्रेस क्लब के सहयोग से आयोजित इस श्रमदान कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी के लिए प्रेरणादायी बताया। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती चंद्रिका गंजीर ने कहा कि जिला प्रेस क्लब के सहयोग से रोपे गए पौधों के समीप जो मटका लगाने का कार्य किया गया है उससे पौधों के अलावा पशु, पक्षी भी लाभान्वित होंगे।
जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री संतोष साहू ने कहा कि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के पर्यावरण के प्रति असीमित अनुराग एवं इसके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति उनके सजगता और सक्रियता से प्रेरित होकर जिला प्रेस क्लब के द्वारा इस स्थान में पौधों को पानी उपलब्ध कराने हेतु मटका एवं कोटना उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने जिले में पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रत्येक कार्यों के अलावा जनहित के सभी कार्यों में जिला प्रेस क्लब के द्वारा सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की भी बात कही गई। इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए श्रीमती सुमन साहू ने जिला प्रशासन एवं जिला प्रेस क्लब के इस जनहित के कार्य को सभी के लिए अनुकरणीय बताया। इस मौके पर एसडीएम श्री आरके सोनकर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमेश रात्रे सहित वरिष्ठ पत्रकार श्री रवि भूतड़ा, श्री लक्की अरोरा, श्री संजय दुबे, श्री अरुण उपाध्यक्ष, श्री नरेश श्रीवास्तव, श्री सुप्रीत शर्मा, श्री देवेंद्र साहू, श्री जागेश्वर सिन्हा, श्री प्रवीण सारडा, श्री जगन्नाथ साहू, श्री घनाराम साहू के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधों के समीप मटके लगाकर श्रमदान के कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।