
कोरबा(आई.बी.एन -24)। प्रदेश सह संयोजक भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ राजेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। इन वर्षों में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
राजेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालते हुए देश को नई दिशा और गति प्रदान की। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत और प्रभावशाली पहचान स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने तथा देशहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर नए भारत की नींव को और सुदृढ़ किया है।
भाजपा नेता राजेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, जैसे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और आयुष्मान भारत योजना, करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सफल रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को स्वास्थ्य, बैंकिंग और स्वच्छ ईंधन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। वहीं डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से डिजिटल सेवाओं और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से आम जनता तक पहुंच रहा है।
राजेश यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते हुए आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।