
बांकीमोंगरा/कोरबा (आई.बी.एन -24)
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा डेली मार्केट बाजार क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास के लिए मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर पालिका की टीम जेसीबी लेकर हटरी बाजार पहुंची, जिसके बाद सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया।
गहमागहमी का माहौल:-कार्रवाई के दौरान बाजार परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। व्यापारियों का कहना था कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों और अस्थाई ढांचों को हटाने से उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा। विरोध बढ़ता देख तहसीलदार एवं नगर पालिका की सीएमओ मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला।
प्रशासन ने समझाया प्लान:-अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से चर्चा कर समझाया कि हटरी बाजार का सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित निर्माण किया जाना है। इससे भविष्य में व्यापारियों को पक्के चबूतरे, शेड और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
70-30 फॉर्मूले पर बनी सहमति:- लंबी बातचीत के बाद प्रशासन और व्यापारियों के बीच सहमति बन गई। तय हुआ कि पहले चरण में 70 प्रतिशत निर्माण एवं व्यवस्था का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद शेष 30 प्रतिशत हिस्से में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस प्रस्ताव पर अधिकांश व्यापारियों ने सहमति जताई, जिसके बाद विवाद शांत हो गया।
आगे क्या:-नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार सौंदर्यीकरण कार्य जल्द शुरू होगा। व्यापारियों को अस्थाई रूप से शिफ्ट करने की व्यवस्था भी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी ताकि उनका व्यवसाय प्रभावित न हो।