
करतला/कोरबा (आई.बी.एन -24)। जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत नोनबिर्रा के कुम्हारपारा में लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। बिजली की आंख-मिचौली और बार-बार फाल्ट होने से खेती के लिए समय पर पानी नहीं मिल रहा और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
सरपंच ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र ।
सरपंच महेशराम राठिया ने माननीय मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कुम्हारपारा में नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। पत्र में बताया गया कि एक ही ट्रांसफार्मर होने के कारण ओवरलोड की समस्या बनी रहती है। इससे पूरे मोहल्ले में वोल्टेज कम रहता है। नल-जल योजना के पंप सही समय पर नहीं चल पाते, जिससे पेयजल संकट भी गहरा गया है।

बच्चों की पढ़ाई पर असर।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि बल्ब टिमटिमाने लगते हैं। बच्चों को पढ़ाई-लिखाई में भारी दिक्कत हो रही है। परीक्षा का समय नजदीक है, ऐसे में ग्रामीण चिंतित हैं।
22 ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त आवेदन।
समस्या के समाधान के लिए ग्रामवासियों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर आवेदन दिया है। आवेदन में बलवान दास सहित 22 ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। सरपंच ने बताया कि CSPDCL के सहायक अभियंता कार्यालय में भी दिनांक 04/08/2025 को आवेदन दिया जा चुका है, जिसकी पावती संख्या 907 है।
शीघ्र कार्रवाई की मांग।
सरपंच महेशराम राठिया ने कहा, “कुम्हारपारा में नया ट्रांसफार्मर अति आवश्यक है। मुख्यमंत्री जी से निवेदन है कि जनहित में शीघ्र स्वीकृति देकर ग्रामीणों को राहत दिलाएं।” ग्रामीणों को उम्मीद है कि शासन स्तर से जल्द संज्ञान लेकर समस्या का समाधान होगा।